बांग्लादेश: शेख हसीना के पासपोर्ट आवेदन पर विवाद, हस्ताक्षर को लेकर फर्जीवाड़े का आरोप
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) से जुड़े आवेदन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। लंदन स्थित मैट्रिक्स चैम्बर्स की ओर से नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को भेजे गए पत्र की प्रमाणिकता पर सवाल उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के राजनीतिक सहयोगी मोहम्मद राशेद खान ने आरोप लगाया है कि पत्र पर शेख हसीना के हस्ताक्षर फर्जी हैं। उनका दावा है कि उच्चायोग के अधिकारियों ने जांच के दौरान हस्ताक्षरों में गड़बड़ी पाई है।
मोहम्मद राशेद खान ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि शेख हसीना के आधिकारिक दस्तावेजों में बंगाली भाषा में हस्ताक्षर दर्ज हैं, जबकि नए पत्र में इस्तेमाल किए गए हस्ताक्षरों की भाषा और स्वरूप को लेकर संदेह है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पहचान पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेजों में दर्ज हस्ताक्षरों से अलग हस्ताक्षर का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है। उन्होंने मैट्रिक्स चैम्बर्स के वकीलों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दस्तावेज भेजने से पहले हस्ताक्षरों की पुष्टि की जानी चाहिए थी।
दरअसल, इसी महीने शेख हसीना के वकील की ओर से नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को ईमेल भेजकर पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया था। पत्र में उनकी बांग्लादेशी नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकारों से जुड़े दायित्वों का हवाला देते हुए आवेदन पर जल्द कार्रवाई की मांग की गई थी। गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटने के पश्चात शेख हसीना भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं। हालांकि, हस्ताक्षर फर्जी होने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।




