रुद्रपुर से पश्चिम बंगाल का वारंटी गिरफ्तार, साइबर ठगी के मामले में मोबाइल फोन जब्त
रुद्रपुर। पश्चिम बंगाल के बेलघोरिया थाने में दर्ज साइबर ठगी के मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में पश्चिम बंगाल पुलिस ने रुद्रपुर पुलिस के सहयोग से आरोपी रजनीश सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन से मामले से संबंधित साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर की शाम करीब 5:25 बजे बाजपुर गन हाउस के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ बेलघोरिया थाने में केस संख्या 393/2024, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। आरोपी रुद्रपुर के ग्राम शिमला पिस्तौर का निवासी है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी का सैमसंग गैलेक्सी J8 मोबाइल फोन जब्त किया। उसे पश्चिम बंगाल ले जाने के लिए न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेने की कार्यवाही की जा रही है।




