उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तकरार सामने आने लगी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस तरीके को अपमानजनक बताते हुए सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस भिखारी है, जो बिना सीट मांगे ही उसे सीटों की सूची थमा दी गई।
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस ने सपा से सीटों की मांग नहीं की थी, इसके बावजूद 26 सीटों की घोषणा कर दी गई। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन में बातचीत का तरीका अपनी शर्तें थोपना है तो यह उन्हें स्वीकार नहीं है। मसूद ने इस मामले में अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व पर छोड़ते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
दरअसल, सोमवार को दिल्ली में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हुई थी। इसके बाद सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दिए जाने की बात सामने आई। अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि जीतने वाली 26 सीटों से शुरुआत हुई है और बातचीत आपसी समझदारी से आगे बढ़ेगी। हालांकि, इस पेशकश के बाद दोनों दलों के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है।




