उत्तर प्रदेश: शिकारपुर से बसपा ने मुकेश पंडित को बनाया प्रत्याशी
बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश पंडित को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पूर्व राज्यसभा सांसद एवं बसपा नेता बाबू मुनकाद अली ने लार्ड शिवा इंस्टीट्यूट के मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उनके नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि सर्व समाज के लोगों से गठबंधन करेगी।
सम्मेलन में मुनकाद अली ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सरकार के वादों और कामकाज के बीच का अंतर समझ चुकी है। उन्होंने किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने और गन्ने के दाम में मामूली बढ़ोतरी को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल मुस्लिम समाज के हितों की बात तो करते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य वोट हासिल करना है।
कार्यक्रम में बसपा के कई पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान वैश्य समाज के ओम सिंघल और मुकेश गर्ग सहित कुछ लोगों ने भाजपा छोड़कर बसपा की सदस्यता ग्रहण की। मुनकाद अली ने कहा कि यदि मुस्लिम समाज और सर्व समाज का समर्थन मिलता रहा तो प्रदेश में बसपा की सरकार बन सकती है।





