प्रशासन व जनप्रतिनिधिओं को जनता ने दिखाया आईना, क्षतिग्रस्त मार्ग को स्वयं के खर्चे पर किया दुरुस्त

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप मुख्य मार्ग पर शिव मंदिर के सामने मार्ग में बड़े-बड़े खड्डे होने से प्रतिदिन दुर्घटनाएं घटित हो रही थी एवं प्रतिदिन टुकटुक टेंपो आदि भी पलट रहे थे। जिससे स्कूली बच्चों के कपड़े आदि रोज कीचड़ में गंदे हो जाते थे। कई बार नागरिकों द्वारा जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई। उसके बावजूद भी प्रशासन और जनप्रतिनिधि अनदेखी कर रहे थे। उनके कान पर जूं नहीं रेंगी, वहां पर निवास कर रहे नागरिक बुरी अवस्था में अपना जीवन व्यतीत कर रहे थे। जानकारी के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एवं पूर्व सभासद दिलीप अधिकारी के नेतृत्व में वहां के नागरिकों ने स्वयं अपने खर्चे पर मलवा आदि भर कर क्षतिग्रस्त मुख्य मार्ग के गड्ढों को श्रमदान कर भरने का कार्य आज कर शासन प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को आईना दिखाने का कार्य किया।
इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि हर तरफ से जनता ने निराश होकर सड़क के गड्ढों को श्रमदान के माध्यम से भरने का जो निर्णय लिया है, वह स्वागत योग्य है परंतु यहां जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े होते हैं कि वह कौन सी कुंभकरण की नींद में सो रहे हैं। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा जनता की अनदेखी कर रहे जनप्रतिनिधियों को समय आने पर यह जनता अवश्य जवाब देगी। इस दौरान पूर्व सभासद दिलीप अधिकारी ने कहा कि भाजपा राज में जनप्रतिनिधि मस्त है और जनता त्रस्त है गली मोहल्लों में भाजपा कार्यकर्ताओं को दबाव में लेकर जनप्रतिनिधि हवा हवाई और झूठे स्वागत करवा कर झूठी वाह वाह लूटने में मस्त है। श्री अधिकारी ने कहा की जनता समय आने पर इनको जवाब अवश्य देगी। इस दौरान संजय ठुकराल, सुरेश राजपूत, विश्वजीत मंडल, अर्जुन राजपूत, शिवम गुप्ता, राजेश मौर्य, सुमित शर्मा, सौरभ रस्तोगी, रामबाबू, विनोद गंगवार, विनोद मौर्या, रचित कुमार, विशाल कुमार, केरु मंडल, खेमानंद रस्तोगी, अशोक रस्तोगी, बंटी कोली, विशाल मेहरा सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के उपरांत सभी ने भाजपा नेता स्वर्गीय मास्टर दोधराज सिंह को भी याद करते हुए सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement