



हरिद्वार। एक घर की पानी की टंकी में जब परिवार के लोगों ने झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। टंकी के अंदर एक-दो नहीं, बल्कि 27 सांप के बच्चे फनफनाते हुए घूम रहे थे। यह नजारा देखते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के सदस्य डर के मारे घर से बाहर निकल आए।
मामला हरिद्वार के सराय ग्राम का है, जहां पानी की टंकी में बड़ी संख्या में सांपों के बच्चे दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग को खबर दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्नेकमैन तालिब और भोला ने बेहद सावधानी के साथ एक-एक कर सभी 27 सांपों के बच्चों को टंकी से बाहर निकाला। सांपों की संख्या देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। रेस्क्यू के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और हर किसी की निगाहें टंकी पर टिकी रहीं। स्नेकमैन तालिब ने बताया कि पकड़े गए सभी सांप ‘चेकर्ड कीलबैक’ प्रजाति के हैं, जिन्हें आम बोलचाल में पानी का सांप कहा जाता है। यह प्रजाति जल स्रोतों के आसपास पाई जाती है और मुख्य रूप से मेंढक, छोटी मछलियां तथा अन्य जलीय जीवों का शिकार करती है।
रस्क्यू के बाद सभी सांपों को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए टीम अपने साथ ले गई। सांपों के हटने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना ने कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। वसुन्धरादीप न्यूज़

