



*एशियन जुजित्सु चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता कंचन बसेड़ा का नानकमत्ता में भव्य स्वागत, विजय जुलूस निकालकर किया सम्मान*
नानकमत्ता।
कजाकिस्तान के अल्माटी शहर में आयोजित 10वीं जुजित्सु एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश, उत्तराखंड और नानकमत्ता का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी कंचन बसेड़ा के नगर आगमन पर सोमवार को नगरवासियों ने उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया।
नगर के मुख्य चौराहे पर सुबह से ही बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं स्थानीय लोग एकत्रित हो गए थे। पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा एवं पूर्व सैनिक संगठन के संरक्षक सूबेदार हीरा चन्द के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा एवं जयघोष के साथ रजत पदक विजेता कंचन बसेड़ा का जोरदार स्वागत किया गया। इसके पश्चात नगर के मुख्य चौराहे से दक्ष स्पोर्ट्स अकादमी तक भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
दक्ष स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित सम्मान समारोह में पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने कंचन बसेड़ा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कंचन बसेड़ा एक होनहार मार्शल आर्ट खिलाड़ी हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अनेक कीर्तिमान स्थापित करने के बाद अब एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय पटल पर नानकमत्ता का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित किया है।
डॉ. राणा ने कंचन के कोच सिंसई किशोर डांगी की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले एक दशक से दक्ष स्पोर्ट्स अकादमी के माध्यम से नानकमत्ता क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में क्षेत्र के अनेक खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सैनिक संगठन के संरक्षक सूबेदार हीरा चन्द ने कहा कि कंचन बसेड़ा की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे नानकमत्ता क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
पूर्व सैनिक संगठन के सुरेश चन्द देऊपा ने भी कंचन बसेड़ा की हौसलाअफजाई करते हुए पदक के लिए उसे बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। इसके साथ ही उन्होंने कंचन के कोच किशोर सिंह डांगी की भी बधाई करते हुए उनके त्याग और समर्पण की प्रशंसा की।
पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी हवलदार दिल बहादुर बम ने कंचन बसेड़ा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और वे भी खेलों एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित होंगे।
पत्रकारों से बातचीत में कंचन बसेड़ा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा अपने कोच सिंसई किशोर डांगी को दिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कोच के कुशल प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर मार्गदर्शन के कारण ही वह एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने का सपना साकार कर सकीं।
इस अवसर पर सुरेश चन्द देऊपा, महेश कुंवर, प्रेम चौहान, गोपाल कुंवर, विकास गुलाटी, सभासद नकुल भट्ट, कैलाश जोशी, ओम नारायण, इंद्र पाल सिंह मान, गोपाल जोशी, धर्म सिंह थापा, नवीन अटवाल, सुरेश परगाई, बसंती देवी, हीरा देवी, नैना देऊपा, विक्रम पासवान, आशा चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

