भाजपा के नेताओ आओ मुझसे और खेलो: रावत

लालकुआं। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और लालकुआं से पार्टी के उम्मीदवार हरीश रावत ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि भाजपा के नेताओ आओ मेरे साथ खूब खेलो। रावत ने शुक्रवार को अपने फेसबुक पेज पर बल्ला पकड़ते हुए वीडियो जारी कर कहा कि भाजपा के नेताओ मुझसे खूब खेलो मगर, यह भी बताओ कि क्या तुम्हारे पास रोजगार का खेल नहीं है? आपने रोजगार के लिए उत्तराखंड में क्या किया है? हमसे बात करो कि हमने कांग्रेस के कार्यकाल में किस तरह महंगाई को नियंत्रण में रखा, हमसे विकास की बात करो, विकास का खेल खेलो और हमने लोक कल्याण के लिए गरीबों और मजदूरों को पेंशन आदि का सहारा देने के लिए क्या किया। हमारे साथ खेल खेलो कि हमने किसानों के साथ क्या किया। तुम्हें क्या हर समय हिंदू-मुसलमान का ही खेल दिखाई देता है। कोई और खेल नहीं है क्या दुनिया के अंदर? ऐसा साफ दिख रहा है कि तुमने किसी भी क्षेत्र में कुछ नहीं किया। शिक्षा चौपट कर दी। स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट कर दी। राज्य चौपट कर दिया। अब आपने कहीं से मुस्लिम यूनिवर्सिटी का झूठ रच दिया। पहले आपने मेरी गाड़ी वाली फोटो बनाई। ऐसी फोटो तो मोदी जी को खूब जमेगी। लेकिन हम वह खेल नहीं खेलना चाहते जो खेल आप कर रहे हैं। जनता के सवालों का खेल हमसे करो हम उसके लिए तैयार हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement