जीबीपंत इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य पर कॉलेज की चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने लगाया अश्लीलता का आरोप

जीबीपंत इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य पर कॉलेज की चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने लगाया अश्लीलता का आरोप

 

काशीपुर। गोविन्द बल्लभ पंत इंटरमीडिएट कालेज प्रकरण में अब एक नया मोड़ सामने आया है। प्रबंधन और पूर्व प्रधानाचार्य के बीच चल रहे विवाद में महिला के गंभीर आरोपों ने सनसनी मचा दी है। कालेज की चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने पूर्व प्रधानाचार्य पर अश्लील हरकतें करने व दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। बाजपुर रोड स्थित एक गांव निवासी इस महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का आरोप है कि पूर्व प्रधानाचार्य अक्सर उसके साथ अश्लील व्यवहार करते थे। उसके शरीर को गलत नीयत से छूकर आपत्तिजनक व्यवहार करते थे। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व विद्यालय बंद होने के बाद उन्होंने दुष्कर्म करने का प्रयास भी किया। तहरीर के अनुसार प्रधानाचार्य अपनी इच्छा पूरी न करने पर वेतन रोकने की धमकी भी देते थे।
महिला कर्मचारी ने तहरीर में कहा कि उसने स्वयं की बदनामी के डर से यह बात लोगों में इसलिये नहीं बताई कि लोग तरह-तरह की बातें करेंगे। परन्तु जब इन्हें पद से हटाया गया तो उसके बाद भी यह वर्तमान में मुझे धमकी देते हुए कह रहे हैं कि अगर तुमने छेड़छाड़ और बलात्कार का प्रयास करने वाली बात किसी को बताई तो मैं तुम्हें जिन्दा नहीं छोडूंगा। मेरे बड़े-बड़े राजनीतिक लोगों से सम्बन्ध है। महिला ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से पूर्व प्रधानाचार्य उसके साथ इसी प्रकार की अश्लीलता करते चले आ रहे हैं और इसी प्रकार शोषण करते चले आ रहे हैं। यही नहीं, महिला ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानाचार्य ने विद्यालय में पढ़ने वाली तीन नाबालिग छात्राओं के साथ भी अश्लीलता की है, जिनके परिजन समाज के कारण इस बाबत खुलकर नहीं कह पा रहे हैं। पीड़िता ने पूर्व प्रधानाचार्य के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement