बिहार के भागलपुर में फेरी सेवा का किराया तय, बाइक ₹50 और कार ₹700
विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का परिचालन बंद होने के बाद गंगा नदी के रास्ते शुरू की गई वैकल्पिक फेरी सेवा का किराया जिला प्रशासन ने तय कर दिया है। पैदल यात्रियों और सामान्य साइकिल सवारों को यात्रा के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। वहीं बाइक के लिए 50 रुपये और कार के लिए 700 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों, सामान और मवेशियों के परिवहन के लिए भी दरें तय की हैं। किराया तय करने का उद्देश्य यात्रियों से मनमानी वसूली रोकना है। फेरी सेवा के संचालन के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ मेडिकल कैंप और जीविका रसोई की भी व्यवस्था की गई है।
विक्रमशिला सेतु बंद होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है। ऐसे में वैकल्पिक जल परिवहन सेवा लोगों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बन गई है। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





