रिचलुक कंपनी के शोरूम में लगी आग

काशीपुर। रामनगर रोड पर रिचलुक कंपनी के शोरूम में आग लग गई जिससे शोरूम पूरी तरह जल गया। आग से लाखों रुपये का कपड़ा और फर्नीचर जलकर राख हो गया। अग्निकांड में 50 लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है। आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया जा रहा है। रामनगर रोड पर संतोषी माता मंदिर के पास हरीश मदान की दुकान है। छह महीने पहले ही इस दुकान में रिचलुक कंपनी का शोरूम खोला गया है। इसकी फ्रेंचाइजी मोहित पाल के नाम बताई गई है। शोरूम के मैनेजर पवन वर्मा ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने शोरूम बंद किया था। वह और सेल्समैन विक्की घर की ओर जा रहे थे। अचानक किसी ने फोन कर बताया कि शोरूम से जलने की दुर्गंध आ रही है। इस पर वह शोरूम लौटे तो शटर उठाने पर आग भड़क उठी। आग की तेज लपटों के कारण वहां भगदड़ मच गई। वहां से गुजर रहे आनंद वर्मा ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। रेलवे क्राॅसिंग पर फंसे होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी 35 मिनट देरी से पहुंची। गनीमत रही कि आग आसपास की दुकानों में नहीं लगी। पास से बिजली की लाइन गुजरने के चलते विद्युत विभाग को सूचित कर लाइन बंद कराई गई। आग की लपटें फैलने से सड़क बंद हो जाने से चीमा चैराहे पर काफी दूर तक जाम लगा रहा। एसएसआई प्रदीप मिश्रा, कटोराताल चौकी प्रभारी नवीन बुधानी ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर वहां से भीड़ को हटाया। बाद में दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग बुझाई। शोरूम में मैनेजर पवन वर्मा ने बताया कि हादसे में 50 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement