बिहार में बाढ़ का अलर्ट, 1070 पर मिलेगी मदद
वसुंधरा दीप न्यूज डेस्क
बिहार में भारी बारिश के पूर्वानुमान और नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने गंडक, बागमती और कोसी नदी से जुड़े संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शनिवार को संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी तैनात किया गया है।
सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय समेत कई जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। आपात स्थिति में सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग का टोल-फ्री नंबर 1070 जारी किया गया है।





