



गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए बहुप्रतीक्षित रोडवेज बस स्टेशन का लोकार्पण किया। लंबे समय से उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहा बस स्टेशन अब आम जनता के लिए संचालित हो सकेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आधुनिक और बेहतर परिवहन सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने कांबोज धर्मशाला पहुंचकर अमर शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने शहीद ऊधम सिंह के बलिदान को देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
गौरतलब है कि गदरपुर रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण काफी पहले पूरा हो चुका था, लेकिन उद्घाटन नहीं होने के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था। लंबे समय से स्थानीय लोग इसके शुभारंभ की मांग कर रहे थे।
राजनीतिक गलियारों में बस स्टेशन के उद्घाटन में हुई देरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के बीच कथित राजनीतिक मतभेदों से जोड़कर देखा जाता रहा। हालांकि पिछले कुछ महीनों से दोनों नेताओं के बीच रिश्तों में आई नजदीकियों की चर्चा भी रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं गदरपुर पहुंचकर बस स्टेशन का लोकार्पण करना राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

