हल्द्वानी रैली में जनसमर्थन न मिलने पर कांग्रेस प्रशासन पर लगा रही निराधार आरोप : इंतजार हुसैन

खबरे शेयर करे -

हल्द्वानी रैली में जनसमर्थन न मिलने पर कांग्रेस प्रशासन पर लगा रही निराधार आरोप : इंतजार हुसैन

काशीपुर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तराखंड इंतजार हुसैन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की रैली में अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिलना कांग्रेस के प्रति जनता के घटते विश्वास को दर्शाता है। अपनी विफलता को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा और प्रशासन पर आरोप लगाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। इंतजार हुसैन ने कहा कि कांग्रेस के कुमाऊं क्षेत्र के नेताओं ने रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी थी, इसके बावजूद जनता ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसमर्थन नहीं मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने अपनी असफलता का ठीकरा प्रशासन और पुलिस पर फोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय का घेराव करना तथा अधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना उचित नहीं है। राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रशासन की गरिमा का सम्मान करना चाहिए। इंतजार हुसैन ने कहा कि कांग्रेस को अपनी लगातार चुनावी हार के कारणों पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास खोना ही कांग्रेस की लगातार कमजोर होती राजनीतिक स्थिति का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी अपनी हार का ठीकरा भाजपा पर, कभी प्रशासन पर और कभी ईवीएम अथवा एसआईआर जैसे मुद्दों पर फोड़ती रही है, जबकि उसे जनता के बीच अपनी नीतियों और संगठन की स्थिति पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को देख रही है और सरकार के कार्यों का मूल्यांकन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना मन बना लिया है और भाजपा को पुनः पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है। इंतजार हुसैन ने कांग्रेस से अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रशासन पर आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय कांग्रेस को जनता के बीच जाकर अपनी नीतियों, संगठन और लगातार चुनावी प्रदर्शन पर ईमानदारी से आत्ममंथन करना चाहिए।


खबरे शेयर करे -