व्यक्ति ने अपने दो भाइयों पर लाखों रुपए हड़पने का लगाया आरोप

एक व्यक्ति ने अपने दो भाइयों पर बैंक मैनेजर व कर्मचारियों से सांठगांठ कर मां के फर्जी हस्ताक्षर से लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

शक्ति नगर निवासी प्रशांत कुमार वर्मा ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें कहा कि उसके पिता एडवोकेट शिवकिशोर वर्मा की मृत्यु 17 जनवरी 2008 को होने के बाद विभिन्न मदों से आई रकम में से पांच लाख रुपये की एफडीआर उसके साथ ही भाई विकास वर्मा, कलश मंडप निवासी मुकेश वर्मा व उसकी माता कमलेश वर्मा के नाम से अल्मोड़ा कोऑपरेटिव बैंक में कराई गई थी। आरोप लगाया कि 2016 में रकम दोगुनी होने पर उसकी सहमति के बिना विकास वर्मा ने मां की मानसिक कमजोरी का फायदा उठाकर साढ़े चार-साढ़े चार लाख के दो चेक जारी कर एमएसआई बनवाई और नौ लाख की रकम मां कमलेश वर्मा, मुकेश वर्मा व विकास वर्मा के बैंक ऑफ बड़ौदा के संयुक्त खाते में जमा की गई। इसके बाद भाई मुकेश वर्मा और विकास वर्मा ने रकम को आपस में बांट लिया। इसके अलावा 14 फरवरी 2017 को दोनों ने अल्मोड़ा अर्बन बैंक मैनेजर व कर्मचारियों से सांठगांठ कर मां के खाते के चेक पर जाली हस्ताक्षर करके 2.15 लाख रुपये की रकम निकाल ली। आरोप लगाया कि चेक पर जो हस्ताक्षर है, वह मां के हस्ताक्षर से भिन्न हैं। जब उसने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी भाइयों समेत बैंक मैनेजर व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement