देहरादून व लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग, महानगर कांग्रेस ने दिया ज्ञापन

देहरादून व लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग, महानगर कांग्रेस ने दिया ज्ञापन

काशीपुर। रामनगर से देहरादून व रामनगर से लखनऊ के लिए ट्रेन चलाने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के नाम सम्बोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक पूर्वाेत्तर रेलवे को दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि रामनगर पूर्वोत्तर रेलवे का अंतिम स्टेशन है, जो उत्तराखण्ड के कुमाऊं और गढ़वाल दोनों डिवीजन को जोड़ता है। रामनगर क्षेत्राअंतर्गत विश्व प्रसिद्ध कार्बेट नेशनल पार्क भी मौजूद है। यहां बड़ी संख्या में देश व विदेशों से पर्यटक आते हैं। रामनगर से 27 किमी. पहले काशीपुर स्टेशन है जो उत्तराखण्ड का बड़ा शहर होने के साथ-साथ इंडस्ट्रियल एरिया है, जो उत्तर प्रदेश से भी अपनी सीमा साझा करता है। उत्तराखण्ड बनने के 22 वर्ष पश्चात भी राजधानी देहरादून के लिए अभी तक कोई ट्रेन नहीं चलाई गयी। पूर्व में एक ट्रेन रामनगर से हरिद्वार चलती थी, कोरोनाकाल में उसे भी बंद कर दिया गया और रामनगर से लखनऊ जाने वाली ट्रेन को भी बंद कर दिया गया। देहरादून व लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन न होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र ही इन दोनों स्थानों के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, रवि ढींगरा, सुहैल खान, मौ. शहजाद, हनीफ गुड्डू, मंसूर अली मंसूरी, अनीस अंसारी, राजू छीना, अफसर अली, डॉ. अशफाक हुसैन आदि शामिल हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement