नशे के दुष्प्रभावों और कानूनी अधिकारों के प्रति छात्राओं को किया जागरूक, नालसा डॉन स्कीम-2025 की दी जानकारी
सुल्तानपुर पट्टी
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुल्तानपुर पट्टी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य अनुराधा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत के निर्देशन में तहसील बाजपुर के पराविधिक कार्यकर्ताओं ने छात्राओं को नालसा डॉन स्कीम-2025 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पराविधिक कार्यकर्ता मोहम्मद शहीद ने बताया कि नालसा डॉन स्कीम-2025 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की संशोधित एवं व्यापक योजना है। यह नालसा की वर्ष 2015 की नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं और नशा उन्मूलन योजना का अद्यतन स्वरूप है। इसे सिंथेटिक ड्रग्स और ऑनलाइन नशा तस्करी जैसी आधुनिक चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों, ब्लॉकों और गांवों में कानूनी साक्षरता एवं जनजागरूकता अभियान चलाना, नशा पीड़ितों और उनके परिवारों को निःशुल्क कानूनी सलाह व सहायता उपलब्ध कराना तथा पीड़ितों को नशा मुक्ति केंद्रों, स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श से जोड़ना है। इसके साथ ही प्रभावित लोगों को कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा में वापस लाने पर भी जोर दिया जाता है।
कार्यक्रम में छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन संख्या 15100 की जानकारी दी गई।
वहीं, पराविधिक कार्यकर्ता रूना पारुल ने छात्राओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के प्रति जागरूक करते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में उचित सहायता लेने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर पराविधिक कार्यकर्ता सुनीता, गीता जोशी, शिवानी, अंजली और सिराज अहमद सहित अन्य
लोग मौजूद रहे।





