मध्य प्रदेश: इंदौर में कन्या भोज के लिए बुलाई गईं सात बच्चियों से मारपीट का आरोप
मध्य प्रदेश के इंदौर में नवरात्रि के दौरान कन्या भोज के लिए बुलाई गईं सात बच्चियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक सेवानिवृत्त सरकारी शिक्षिका अनीता मोहता पर बच्चियों को कमरे में बंद करने, कपड़े उतरवाने और उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना सामने आने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।
बच्चियों के मुताबिक, महिला ने उन्हें कन्या भोज के लिए अपने घर बुलाया था और गिफ्ट व पैसे देने की बात कही थी। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद महिला ने उन पर पैसे चोरी करने का शक जताया और कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद थप्पड़ मारने और कपड़े उतरवाकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। बच्चियों ने चोरी करने से इनकार करते हुए महिला से मिन्नतें भी कीं, लेकिन कथित तौर पर मारपीट जारी रही।
घटना के बाद परिजन बच्चियों को लेकर एमआईजी थाने पहुंचे और आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी चंद्रभाल सिंह के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद बच्चियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी महिला नया बसेरा इलाके के एक सरकारी स्कूल में करीब 10 साल तक पढ़ा चुकी हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




