





महापौर और एमएनए का जोरदार अभिनंदन
‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार’ मिलने पर नगर निगम में मना जश्न
रूद्रपुर। नगर निगम रूद्रपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार’ प्राप्त होने पर शुक्रवार को नगर निगम में नगर निगम कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, पार्षदों और नगर निगम से जुड़े ठेकेदारों ने खुशियां मनाते हुए इस बड़ी उपलब्धि के लिए महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल का जोरदार अभिनंदन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। महापौर ने इस उपलब्धि का श्रेय नगर निगम से जुड़े सभी कर्मचारियों और पार्षदों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम रूद्रपुर को बीते 1 अक्टूबर को देहरादून में मुख्य सेवक सदन में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अटल निर्मल नगर पुरस्कार के रूप में 35 लाख की धनराशि का चेक देकर सम्मानित किया था। यह पुरस्कार मुख्यमंत्री से महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने प्राप्त किया। नगर निगम रूद्रपुर को यह पुरस्कार स्वच्छ भारत मिशन के तहत भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024-25 के स्वच्छता सर्वेक्षण में निर्धारित मानकों के आधार पर नगर निगम रूद्रपुर को नगर निगम श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर प्रदान किया गया।
महापौर विकास शर्मा के कार्यभार संभालने के बाद नगर निगम को यह तीसरा बड़ा पुरस्कार मिला है। जिसकी खुशी में शुक्रवार को नगर निगम के पार्षद, कर्मचारी सफाई कर्मचारी और नगर निगम से जुड़े ठेकेदारों ने नगर निगम के सभागार में एकत्र होकर खुशी मनाई और एक दूसरे को बधाई दी। इस उपलब्धि के लिए सभी ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल को फूल मालाओ ंसे लादकर जोरदार स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरे नगर निगम परिवार को दिया। महापौर ने कहा कि उन्हें नगर निगम में जिम्मेदारी संभाले हुए सात माह हो चुके हैं। पहले दिन से ही नगर निगम से जुड़े हर व्यक्ति को परिवार का सदस्य मानकर हम लगातार काम कर रहे हैं। हमारे टीम वर्क का ही परिणाम है कि आज हमारी कोशिशें लगातार रंग ला रही है। हमें लगातार शहर को संवारने और सजाने में सफलता मिल रही है। अम जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने की निरंतर कोशिश में लगे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आशीर्वाद और मार्ग दर्शन भी हमें लगातार मिल रहा हैं। सीएम धामी की भावनायें रूद्रपुर शहर से पहले से ही जुड़ी हुयी हैं। जब भी उनसे मुलाकात होती है तो वह शहर के बारे में जानकारी अवश्य लेते हैं। उनके इसी लगाव के कारण रूद्रपुर नगर निगम से जो भी शासन को प्रस्ताव जा रहे हैं, उन पर प्राथमिकता से काम हो रहा है। हमने नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग की जगह नया भवन बनाने का आग्रह भी सीएम धामी से किया था, जिसकी जल्द मंजूरी मिलने जा रही है।
सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए हमें 25 वाहन और मिलने जा रहे हैं। सीएम धामी के आशीर्वाद से रूद्रपुर शहर के लिए आठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलने जा रहे हैं, जिनमे ंसे पहला केन्द्र सिंह कालोनी में शुरू हो चुका है, जल्द ही शहर के अलग अलग स्थानों पर सात स्वास्थ्य केन्द्र भी स्थापित कर दिये जायेंगे। इससे शहर की चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आम गरीब तबके को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों को इस तरह स्थापित किया जायेगा ताकि इसका प्रत्येक केन्द्र का लाभ करीब 5-6 वार्डों की जनता को मिल सके।
महापौर ने कहा हम शहर के समग्र विकास के लिए मिलजुलकर प्रयास कर रहे हैं। साथ ही सभी त्यौहारों को भी एक परिवार की तरह एक साथ मिलकर मनाते आ रहे हैं आगामी दिनों में भगवान वाल्मीकि की जयंती को भी हम वृहद स्तर पर मनायेंगे। नगर निगम द्वारा वाल्मीकि जयंती पर निकलने वाली शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया जायेगा। इस अवसर पर नगर निगम परिसर में स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में भजन कीर्तन का कार्यक्रम होगा साथ ही विशाल भंडारा भी आयोजित किया जायेगा। महापौर ने भविष्य में इस मंदिर को भी भव्य बनाये जाने की घोषणा की।
इस अवसरपर नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने कहा कि नगर निगम को प्राप्त हुआ यह पुरस्कार सभी के सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब से मेयर के रूप में महापौर विकास शर्मा और नये बोर्ड ने कार्यभार संभाला है तब से नगर निगम में सब कुछ शुभ हो रहा है। एक के बाद एक नगर निगम को पुरस्कार मिले हैं साथ ही नगर निगम ने शहर के विकास में भी कई उपलब्धियां भी हासिल की है। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी के प्रयासों से ही ही श्हर को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार मिलने के बाद अब हम सबकी जिम्मेवारी और बढ़ गयी है, हमने इस जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाना है और शहरवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं के साथ साथ कर्मचारियों की समस्याओं का भी हम पूरा ध्यान रख रहे हैं। महापौर जी के सामने कर्मचारियों से जुड़ी जो भी समस्याएं रखी गयी है, उनका समाधान हुआ है आगे भी जो समस्याएं आयेंगी उन्हें भी निस्तारित किया जायेगा।
इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद संघ के अध्यक्ष राजेश जग्गा, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी रणदीप, राधेश शर्मा, पार्षद पवन राणा,चिराग कालड़ा, कैलाश राठौर, महेन्द्री शर्मा,एमपी मौर्या, मुकेश रस्तौगी सचिन गुम्बर, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सोनू मुल्मानी, अंकित आदिवासी, सुनील, मुकेश चौधरी, अनिल तने, संदीप आजाद, सूरज आजाद, सुरेन्द्र, रितिक, मुकेश चौहान, जिया लाल, सुनील रोहतगी, ठेकेदार अंकुश उपाध्याय, शेखर जुयाल, गौरव जुयाल, भोला सुखीजा, अरशद खान आदि सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।