रुद्रपुर में आरएसएस के 101वें स्थापना वर्ष पर शस्त्र पूजन, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता का संदेश
रुद्रपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 101वें वर्ष एवं विजयादशमी उत्सव के अवसर पर मंगलवार को सुभाष एवं दयानन्द उपनगर रुद्रपुर की ओर से गंगापुर रोड स्थित शैल भवन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल विभाग के विभाग प्रचारक डॉ. नरेंद्र जी ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन के साथ हुआ। विभाग प्रचारक डॉ. नरेंद्र जी ने संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों और संगठन की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने मां दुर्गा की शक्ति उपासना और भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए शक्ति, साहस, मर्यादा एवं कर्तव्यनिष्ठा को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार बताया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन धर्म के मार्ग पर चलने, मर्यादाओं का पालन करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से संघ के विचारों एवं आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न शारीरिक अभ्यास, योग एवं व्यायाम का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अनुशासन, संगठन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। अंत में स्वयंसेवकों ने संघ के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विभाग संघचालक डॉ. रामउजागर, नगर संघचालक लक्ष्मी नारायण, सरदार गजेंद्र सिंह संधू, राजकुमार खनिजो, मनीष अग्रवाल, सुभाष उपनगर कार्यवाह राहुल तिवारी, दयानन्द उपनगर कार्यवाह आदित्य प्रकाश चौबे, अनुराग पाण्डेय, रमेश जोशी, विजय बहादुर मौर्य, अमितेश पाण्डेय भूपेंद्र, गौतम पोद्दार, सूर्यमणि मिश्र, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, तरुण दत्ता, बिट्टू चौहान, मुकेश पारीख सहित अन्य स्वयंसेवक उप
स्थित रहे।




