



ऑपरेशन सिंदूर के बाद NSA डोभाल का कड़ा संदेश, बोले- भारत जोखिम लेकर भी कर सकता है प्रहार
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की रणनीति को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत की उदारता और सहनशीलता को कमजोरी नहीं समझना चाहिए। जरूरत पड़ने पर भारत जोखिम उठाकर अपने दुश्मनों पर कड़ा प्रहार करने से पीछे नहीं हटेगा।
एक डॉक्यूमेंट्री में ऑपरेशन सिंदूर पर बात करते हुए डोभाल ने कहा कि दुनिया को भारत का संदेश स्पष्ट है। भारत अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा के लिए जोखिम उठाने की क्षमता रखता है और कार्रवाई के परिणामों की परवाह किए बिना कड़ा कदम उठा सकता है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। भारत ने इस दौरान सैन्य कार्रवाई को आतंकी ठिकानों तक सीमित रखने की बात कही थी।
पाकिस्तान की ओर से जवाबी कार्रवाई की कोशिश के बाद भारत ने उसके एयर डिफेंस सिस्टम, रडार साइट्स और एयरबेस को भी निशाना बनाया। इसके बाद दोनों देशों के बीच संघर्षविराम हुआ। ऑपरेशन सिंदूर के बाद डोभाल का यह बयान भारत की बदली हुई सुरक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ उसके सख्त रुख को दर्शाता है।

