पाकिस्तान: अगवा हिंदू लड़की की रिहाई को लेकर बलूचिस्तान विधानसभा में प्रदर्शन
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सिबी से अगवा की गई हिंदू लड़की बिंदिया कुमारी का मामला विधानसभा तक पहुंच गया है। अल्पसंख्यक विधायक अशोक कुमार और संजय कुमार ने लड़की की बरामदगी में नाकामी को लेकर सदन में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिंदिया कुमारी का अपहरण कर उन्हें सिंध ले जाया गया और जबरन इस्लाम कबूल करवाकर निकाह कराया गया।
विधानसभा सत्र के दौरान दोनों विधायकों ने बिंदिया कुमारी को मुक्त कराने की मांग उठाई। अधिकारियों की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए वे स्पीकर के आसन के सामने फर्श पर बैठ गए और नारेबाजी की। उन्होंने लड़की के लगातार लापता रहने पर चिंता जताई।
मामले में विधानसभा के अन्य सदस्यों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद अशोक कुमार और संजय कुमार ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर सीटों पर वापसी की। बीएनपी-अवामी के विधायक असद बलोच ने भी हिंदू लड़की के अपहरण की घटना पर चिंता जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।




