विधानसभा शीतकालीन सत्र की तैयारियां शुरू, अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने बुलाई विधान मंडल दल की बैठक

देहरादून। प्रदेश में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने 31 अक्तूबर को विधान मंडल दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सत्र की तिथि से लेकर आयोजन स्थल को लेकर स्थिति साफ हो सकती है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र दिसंबर से पहले आयोजित होना है।
पिछले सत्र के बाद नए सत्र के नियमों के अनुसार 17 दिसंबर के पहले शीतकालीन सत्र का आयोजन होना जरूरी है। इसी को देखते हुए अब तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। राज्य में भर्तियों में धांधली का मामला सामने आने के बाद विधानसभा में भी बड़े स्तर पर गड़बड़ियां सामने आई थीं और 250 कर्मचारियों को बर्खास्त करना पड़ा था। हालांकि कर्मचारी बहाल हो गए हैं।
लेकिन, विधानसभा में कई मामलों में अभी तक निर्णय नहीं हो पाया है। इसे देखते हुए इस बार सत्र के आयोजन को लेकर विधानसभा को अतिरिक्त तैयारियां करनी पड़ रही हैं। विधानसभा के प्रभारी सचिव हेम पंत की ओर से सीएम पुष्कर धामी, संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और बसपा विधायक दल के अध्यक्ष मोहम्मद शहजाद को इस संदर्भ में पत्र भेजा गया है।

विधानसभा सत्र की तैयारियों के संदर्भ में यह बैठक बुलाई गई है। सत्र कब और कहां आयोजित होगा यह अभी तय नहीं है। लेकिन बैठक में इन्हीं बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी और उसके बाद ही इस संदर्भ में सामूहिक रूप से कोई निर्णय लिया जाएगा।
ऋतु खंडूड़ी, विधानसभा अध्यक्ष

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement