हिमाचल में राज बदला रिवाज नहीं, बहुमत में कांग्रेस, भाजपा के 5 मंत्री हारे; सीएम जयराम ठाकुर का इस्तीफा

खबरे शेयर करे -

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में एक बार फिर पहाड़ का राज बदलता दिख रहा है, रिवाज नहीं। यानी 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी नजर आ रहा है। कांग्रेस रुझानों में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है।
कांग्रेस पार्टी ने अब तक 35 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 4 पर आगे चल रही है। भाजपा 14 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, 12 पर आगे है। अन्य कैंडिडेट्स ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है और एक पर आगे चल रहे हैं। एमसीडी में जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी यहां अभी तक खाता भी नहीं खोल पाई है।
इधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने चुनावी नतीजों पर कहा- हम जनता का फैसला स्वीकार करते हैं। पांच साल तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व से मिले सहयोग के लिए धन्यवाद करता हूं। राज्य के विकास के लिए हम सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

जयराम ठाकुर के 11 मंत्रियों से 5 चुनाव हारे
– जयराम सरकार में मंत्री रहे डॉ. रामलाल मारकंडा लाहौल-स्पीति सीट से कांग्रेस के रवि ठाकुर से चुनाव हार गए हैं।
– कांगड़ा जिले की शाहपुर सीट से जयराम सरकार में मंत्री रहीं सरवीण चौधरी कांग्रेस के केवल सिंह पठानिया से चुनाव हार गईं।
– जयराम कैबिनेट में शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज शिमला जिले की कसुम्पटी सीट पर कांग्रेस के अनिरुद्ध सिंह से चुनाव हार गए। सुरेश भारद्वाज पिछला चार चुनाव शिमला शहरी सीट से जीते थे। बीजेपी हाईकमान ने इस बार भारद्वाज की सीट बदलते हुए उन्हें कसुम्पटी सीट से टिकट दिया था।
– सोलन जिले की कसौली सीट से चुनाव लड़ने वाले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल को कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी ने हरा दिया है।
– शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर भी चुनाव हार गए। मनाली सीट पर गोविंद सिंह ठाकुर को कांग्रेस के भुवनेश्वर गौड़ ने हराया।


खबरे शेयर करे -

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *