राजस्थान: पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार
राजस्थान के भरतपुर जिले के भौंडा गांव में भाजपा नेता और बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बलदेव गुर्जर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों के हमले में पूर्व विधायक की मौत हो गई थी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मामले में 40 नामजद समेत कुल 95 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए दो दर्जन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
घटना के तीसरे दिन भी गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। भौंडा गांव में छह थानों के 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।





