उत्तराखंड में निकाय चुनाव की सुगबुगाहट हुई शुरू

उत्तराखंड में निकाय चुनाव की सुगबुगाहट हुई शुरू

काशीपुर। उत्तराखंड में निकाय चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। आगामी 15 मई के आसपास निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने की संभावना के चलते भाजपा और कांग्रेस ने संगठन स्तर पर रणनीति भी बनानी शुरू कर दी है। आगामी जून माह में चुनाव तय माने जा रहे हैं, लेकिन काशीपुर निकाय क्षेत्र में इस चुनाव को लेकर जरा भी हलचल महसूस नहीं की जा रही है। मेयर का चुनाव लड़ने के इच्छुक बताए जा रहे नेताजी कतई भी पब्लिक के टच में नजर नहीं आ रहे हैं। चर्चा है कि ये नेताजी इस टटोलबाजी में लगे हैं कि सीट कैसी होगी, सामान्य या आरक्षित। हालांकि इनके करीबी लगातार जनता के बीच अपने चहेते नेताजी का टेम्पो हाई करते दीख रहे हैं। उधर, पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक भी धरातल पर नहीं उतर रहे हैं। हां सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता ‘अपने मुंह मियां मिट्ठू बनना’ की कहावत को चरितार्थ कर रही है। वैसे कुछ लोग पुनः पार्षद का चुनाव लड़ने की जुगत भिड़ा रहे हैं, लेकिन पांच साल में जनहित में कार्य करने वालों को ही जनता दोबारा चुनने की बात कह रही है। नगर के 40 वार्डों में ऐसे वार्ड भी हैं, जहां वार्डवासी विकास कार्यों को तरस गए हैं। बहरहाल, शासन-प्रशासन के साथ ही राजनीतिक दलों खासकर भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश में निकाय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन काशीपुर में निकाय चुनाव की हलचल जरा भी महसूस नहीं हो रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement