मौहल्ला महेशपुरा की मदर कालौनी में हुई दिनदहाड़े चोरी

काशीपुर। एक घर में घुसे अज्ञात चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व एलईडी टीवी चोरी कर ले गए। तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौहल्ला महेशपुरा की मदर कालौनी में रहने वाले आजम खान पुत्र स्व. साबिर अली ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा कि तबियत खराब होने पर बीती 27 फरवरी को वह अपनी पत्नी को ठाकुरद्वारा स्थित अस्पताल ले गया था। एडमिट कराने पर पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया। 2 मार्च की सुबह साढ़े छह बजे पड़ौसी ने फोन पर चोरी होने की सूचना दी। घंटे भर बाद वह अपने घर गया तो देखा कि मेन गेट बंद था और बैठक का दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर घर में रखा सामान बिखरा था। अलमारी खुली थी और जेवरात गायब थे। आजम के मुताबिक चोर घर में रखे सोने के आभूषण एक जोड़ी झाले 5 ग्राम, एक जोड़ी कांटे वाले झाले 3 ग्राम, गले का पैडिंल 5 ग्राम, एक अंगूठी 5 ग्राम, एक नोजपिन 2 ग्राम तथा चांदी के आभूषण पाजेब 150 ग्राम, हथफूल 50 ग्राम, बिछुए 50 ग्राम, चांदी का सिक्का 10 ग्राम, तीन अंगूठी लेडीज 30 ग्राम के साथ ही घर में लगा सैमसंग कम्पनी का एलईडी टीवी भी उतारकर चुरा ले गये। तहरीर में कहा गया है कि चोरों के घर में घुसने का समय रात्रि में 2.36 बजे और बाहर निकलने का समय 3.10 बजे का है जो कि सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement