



महिला ने ससुरालयों पर उत्पीड़न करने का लगाया आरोप
काशीपुर। एक महिला ने अपने पति पर दूसरा विवाह करने व ससुरालियों पर उसके साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। ग्राम बासखेड़ा कला निवासी कमलेश ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह 2 जुलाई 2023 को बांसखेड़ाकला निवासी विजेन्द्र चौहान पुत्र स्व. लक्खू चौहान के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद जब वह गर्भवती हुई तो पति के द्वारा मारपीट की गई जिससे उसका गर्भपात हो गया। आरोप लगाया कि पति के एक महिला से संबंध हैं जिसकी दस वर्षीय पुत्री भी है जिसके नाम उसके पति ने अपनी प्रोपर्टी भी कर दी है। कहा कि 21 अगस्त 2023 को चामुण्डा विहार कालौनी में उसने अपने पति को उक्त महिला के साथ रंगेहाथों पकड़ लिया। तब उसके पति ने बताया कि उसने उक्त महिला के साथ दूसरा विवाह कर लिया है। कहा कि उसका एक पांच माह का पुत्र है जो उसके साथ रहता है। कहा कि उसने पति के विरूद्ध एक प्रार्थना पत्र महिला हेल्प लाईन काशीपुर में दिया था, जिसमें दोनो पक्षों की सुनवाई के बाद ऐच्छिक ब्यूरो रुद्रपुर के लिये लिख दिया गया था। जिसमें ऐच्छिक ब्यूरो जाने से पहले ही दोनों पक्षों के मध्य 20 दिसंबर 2023 को फैसला हो गया था और दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मय बच्चों के रहने लगे थे। किन्तु एक-दो दिन बाद ही पति व ससुराली उसके साथ मारपीट व गालीगलौच कर उसे जान से मारने की धमकी देने लगे और पति स्वयं भी आत्महत्या करने की धमकी देता रहता है। कहा कि ससुराली उसके व पुत्र के साथ कोई भी अप्रिय घटना कर सकते हैं जिसकी जिम्मेदारी ससुरालीगण की होगी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।