एलडी भट्ट अस्पताल का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल

खबरे शेयर करे -

एलडी भट्ट अस्पताल का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल

 

काशीपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ऊधम सिंह नगर डॉ. संजीव गोस्वामी ने गुरुवार को एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. संदीप दीक्षित को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आपातकालीन कक्ष, सामान्य वार्ड, आईसीयू और नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) का बारीकी से निरीक्षण किया। डॉ. गोस्वामी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी आवश्यक दवाइयों और उपचार की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को इलाज के लिए परेशानी न उठानी पड़े। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सीएमओ ने विशेष रूप से शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए इसमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएस से कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा अस्पताल में स्वच्छता के उच्च मानकों का नियमित रूप से पालन हो।


खबरे शेयर करे -