रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में लापरवाही पर भड़के विधायक शिव अरोरा, ठेकेदार को लगाई फटकार

खबरे शेयर करे -

*रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में लापरवाही पर भड़के विधायक शिव अरोरा, ठेकेदार को लगाई फटकार*

*“ढीला-ढाला रवैया नहीं चलेगा, एक सप्ताह में फर्नीचर नहीं लगा तो तय होगी जिम्मेदारी” — शिव अरोरा*

*NMC के मानकों को पूरा कर 2026-27 सत्र से MBBS शुरू कराने के लिए अंतिम प्रयास में आवेदन हेतु जुटा मेडिकल कॉलेज*

 

 

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की कक्षाएं प्रारंभ कराने को लेकर विधायक शिव अरोरा लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में विधायक शिव अरोरा ने मंगलवार को रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का स्थलीय भ्रमण कर निर्माण कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की धीमी गति और व्यवस्थाओं में सामने आई कमियों को लेकर विधायक का पारा चढ़ा नजर आया।

निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के जीएम नरेंद्र नवानी तथा संबंधित ठेकेदार प्रतिनिधि अनुज गोयल को स्पष्ट शब्दों में फटकार लगाते हुए कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में इस प्रकार की ढीला-ढाली कार्यशैली किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर की जनता और पूरे कुमाऊं की उम्मीदों से जुड़ा हुआ ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए निर्माण एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

विधायक ने कहा कि NMC में दूसरे प्रयास के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमियों के चलते आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका। अब अंतिम प्रयास जो केंद्र सरकार के समक्ष होने है उसके पहले मेडिकल कॉलेज में NMC के सभी आवश्यक मानकों को हर हाल में पूरा किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों में कार्य की रफ्तार कई गुना बढ़नी चाहिए और जो भी कमियां हैं, उन्हें युद्धस्तर पर दूर किया जाए।

“एक सप्ताह में फर्नीचर नहीं लगा तो जवाबदेही तय होगी”

विधायक शिव अरोरा ने पेयजल निगम के जीएम नरेंद्र नवानी को दो टूक कहा कि मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फर्नीचर लगाने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। यदि तय समयसीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ तो इसकी जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए वह उच्च स्तर पर मामला उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वाकांक्षी संस्थान में किसी भी स्तर पर सुस्ती अथवा लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। “अब बहाने नहीं, परिणाम चाहिए। जो जिम्मेदारी जिस अधिकारी या संस्था की है, उसे पूरी गंभीरता के साथ निभाना होगा।”

प्राचार्य को डे-टू-डे रिपोर्ट देने के निर्देश

विधायक ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सीपी बसेरा से भी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण, फर्नीचर, स्टाफ, फैकल्टी और अन्य आवश्यक कार्यों की डे-टू-डे प्रगति रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी स्तर पर होने वाली देरी को तत्काल पकड़ा जा सके।

विधायक ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सियाना से फोन पर वार्ता कर मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फैकल्टी एवं अन्य मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि NMC के अंतिम आवेदन जो केंद्र सरकार के सामने होना है उसके पहले फैकल्टी, स्टाफ, फर्नीचर, इंफ्रास्ट्रक्चर सहित प्रत्येक आवश्यक मानक पूर्ण होना चाहिए।

देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री से भी कर चुके हैं मुलाकात

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से प्रारंभ कराने को लेकर वह हाल ही में देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए मेडिकल कॉलेज की आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी कराने और 2026-27 सत्र से MBBS कक्षाएं शुरू कराने को लेकर विस्तृत वार्ता की थी।

उन्होंने कहा कि अब विभाग और कार्यदायी संस्थाओं के सामने लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है। अगले 10 दिनों में NMC के मानकों के अनुरूप सभी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा और अंतिम प्रयास के तहत केंद्र सरकार के समक्ष आवेदन किया जाएगा।

“मेडिकल कॉलेज केवल भवन नहीं, कुमाऊं के भविष्य की नींव है”

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और विधायक बनने के बाद से वह लगातार इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में इसी वर्ष से MBBS की पढ़ाई शुरू हो।

उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण नहीं है, बल्कि हमारे बच्चों के भविष्य और पूरे कुमाऊं की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। यहां से डॉक्टर बनकर निकलने वाले विद्यार्थी उत्तराखंड और देश की सेवा करेंगे। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज आने वाले समय में कुमाऊं का प्रमुख चिकित्सा एवं शिक्षा केंद्र बनने जा रहा है, जिसका लाभ ऊधम सिंह नगर सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र को मिलेगा।”

विधायक ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि अब काम में देरी का कोई बहाना स्वीकार नहीं होगा। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और मेडिकल कॉलेज को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कर 2026-27 सत्र से MBBS कक्षाएं शुरू कराने के लक्ष्य को हर हाल में साकार करने में जुटें।

 

इस दौरान डॉ चंद्र प्रकाश, प्राचार्य,नरेंद्र नवानी, परियोजना प्रबंधक पेयजल निगम,डॉ सुमन पांडे, चिकित्सा अधीक्षक,डॉ राजीव कुमार सिंह, सर्जन

डॉ सृजन श्रीवास्तव, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, मनोज मदान आदि लोग मौजूद रहें।


खबरे शेयर करे -