छत्तीसगढ़: 4 साल की बेटी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ा पिता
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सीतानदी अभयारण्य क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तीन दिनों से ग्रामीणों पर हमले कर रहे तेंदुए ने चार वर्षीय सुहानी मरकाम पर हमला कर दिया। बेटी की जान बचाने के लिए उसके पिता सुरेश मरकाम तेंदुए से भिड़ गए। करीब छह से आठ मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों और रस्सी की मदद से तेंदुए को घेर लिया और जाल डालकर पकड़ लिया। इसके बाद तेंदुए को वन विभाग के हवाले कर दिया गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के अनुसार, तेंदुए को प्राथमिक उपचार के बाद जंगल सफारी भेजा गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक उसकी जांच और निगरानी कर रहे हैं। तेंदुए के असामान्य व्यवहार को देखते हुए रेबीज सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी। इससे पहले तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल एक ग्रामीण की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी।





