नौकरी का झांसा देकर आठ लाख पच्चीस हजार रुपये हड़प लेने के आरोप में पुलिस ने अदालत के आदेश पर दो लोगो के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज

काशीपुर। नौकरी का झांसा देकर आठ लाख पच्चीस हजार रुपये हड़प लेने और वापस मांगने पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अदालत के आदेश पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आर्य नगर निवासी शिव स्वरूप सिंह पुत्र खीम सिंह ने प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह राजस्व निरीक्षक पद से रिटायर्ड हैं। उनके घर के पास ही रहने वाले और पशुपति फैक्ट्री ठाकुरद्वारा में कार्यरत केपीसी इंटर कॉलेज के निकट बैंक कॉलोनी निवासी हरिदास सिंह पुत्र जय किशन सिंह 2 मार्च 2019 को उनके घर आए और कहने लगे कि देहरादून सचिवालय में मेरे मित्र राजीव पांडे सचिव हैं। उनसे मेरे घनिष्ठ संबंध हैं। मैं आपके पुत्र राहुल कुमार की सरकारी नौकरी देहरादून में लगवा दूंगा बताया कि राजीव पहले भी सात लड़कों की नौकरी लगवा चुका है। इसमें खर्च की बात कहते हुए हरिदास ने कहा कि वह राजीव से बात करेगा। अगली सुबह हरिदास का फोन आया कि उसने राजीव से बात कर ली है। एक पद रिक्त है। मैंने आपका नंबर उन्हें दे दिया है। आप उनसे बात कर लेना। थोड़ी देर बाद ही राजीव पांडे की कॉल उनके मोबाइल पर आयी जिसमें बताया गया कि देहरादून में प्रोजेक्ट ऑफिसर का एक पद रिक्त है। नौकरी के लिए सात लाख रुपये का खर्च आएगा। अपने पुत्र व उक्त रकम लेकर 7 मार्च को देहरादून आ जाओ। 7 मार्च की सुबह हरिदास ने उनके घर आकर रकम की मांग की। इस पर चार लाख रुपये देने पर हरिदास उन्हें व पुत्र राहुल को देहरादून ले गया। आरोप है कि बाद में अलग-अलग तिथियों में भी रकम दी गई, जोकि कुल आठ लाख पच्चीस हजार रुपये बनी। बावजूद इसके नौकरी नहीं लगी। पूछने व रकम वापसी को कहने पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस में शिकायत करने पर कोई कार्यवाही नहीं हुई, लिहाजा कोर्ट आना पड़ा। अदालत ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने को आदेशित किया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement