गांजे के साथ पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

काशीपुर। करीब दस किलो गांजे के साथ पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसकी बाइक भी सीज कर दी है। कुण्डा थानाध्यक्ष दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में मंडी चौकी प्रभारी मनोहर चंद, कानिस्टेबल नरेश चौहान व हरीश प्रसाद ने चैकिंग के दौरान दस किलो डेढ़ सौ ग्राम गांजे के साथ कुण्डेश्वरी क्षेत्रांतर्गत गांधीनगर निवासी जोधवीर सिंह पुत्र गुरविन्दर सिंह को गिरफ्तार कर उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली। उसके खिलाफ धरा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर बाइक सीज कर दी गयी है। जोधवीर ने पुलिस को बताया कि उक्त गांजा उसने सल्ट अल्मोड़ा निवासी योगेश नाम के व्यक्ति से कम दामों पर खरीदा है और इसे काशीपुर, कुण्डा, ठाकुरद्वारा क्षेत्र में ऊंचे दामों में बेचने जा रहा था। बताया कि पूर्व में वह ट्रक ड्राईवर था किंतु मुनाफे के फेर में कुछ समय से अवैध रूप से गांजा बेचने का काम कर रहा है। उसके खिलाफ रामनगर थाने में भी एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज है और वर्तमान में वह जमानत पर है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement