राजस्थान: ग्राम विकास अधिकारी के 4 हजार पदों पर होगी भर्ती, नोटिफिकेशन जल्द
राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) की ओर से ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के 4 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। बोर्ड को इन पदों के लिए अभ्यर्थना मिल चुकी है और जल्द ही इसका परीक्षण कर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आवेदन प्रक्रिया इसी महीने शुरू होने की संभावना है।
वीडीओ भर्ती के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी होगा। इसके साथ कंप्यूटर से संबंधित निर्धारित प्रमाणपत्र या डिप्लोमा, RS-CIT अथवा समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी कार्य करने का ज्ञान और राजस्थान की संस्कृति की जानकारी भी होनी चाहिए। आयु सीमा न्यूनतम 18 और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित बताई गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
RSSB की योजना के अनुसार दिसंबर तक कुल 7,840 पदों पर भर्तियां निकाली जानी हैं। इनमें ग्राम विकास अधिकारी के 4,000, पटवारी के 200, एनएचएम के 2,000, पीटीआई के 1,200, कर सहायक के 300 और कोच के 140 पद शामिल हैं। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज के अनुसार, अगले साल का भर्ती परीक्षा कैलेंडर भी जल्द जारी किया जाएगा, जिसमें आवेदन और परीक्षा की तारीखों की जानकारी मिलेगी।




