भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार

 

 

काशीपुर। भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास एक बाइक भी मिली, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया। जनपद उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक काशीपुर अभय सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा के निर्देशन में कुंडा थाना पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान मुरादाबाद रोड स्थित केवीआर हॉस्पिटल के पास से दो संदिग्ध व्यक्तियों को बाइक पर आते देखा । शक होने पर पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके पास से एक सफेद रंग का कट्टा भी बरामद किया। पुलिस अधीक्षक अभय सिंह ने बताया कि इस सफेद कट्टे में लगभग 1494 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं, जिनको यह लोग ऊंचे दामों पर बेचने के लिए कहीं जा रहे थे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना नाम सुमित कुमार पुत्र राम अवतार निवासी ग्राम मिलक नौखरीद, थाना स्वार जनपद रामपुर यूपी, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम मौहम्मद असलम पुत्र मकसूद अली निवासी सुल्तानपुरपट्टी बताया। अपर पुलिस अधीक्षक ने नशे के कारोबारियों को चेतावनी दी है कि वह या तो अपनी हरकतों से बाज आ जाएं, नहीं तो जेल जाने को तैयार रहें। पुलिस टीम में कुण्डा थानाध्यक्ष दिनेश सिंह फर्त्याल, एसआई कैलाश देव, कां. नरेश चौहान व हेमंत शामिल थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement