ओबीसी जनसंख्या सर्वे को लेकर नगर निगम में हुई महत्वपूर्ण बैठक, जनप्रतिनिधियों में दिखा रोष; पुनः सर्वे की हुई मांग

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर सभागार में आज ओबीसी जनसंख्या सर्वे को लेकर महत्वपूर्ण बैठक व जन सुनवाई हुई। जिसमें एकल सदस्यीय आयोग स्थानीय निकाय अन्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष पूर्व न्यायमूर्ति बी एस वर्मा व शासन प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों एवं बैठक में मौजूद लोगों का मत जाना। जिसमें कई जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में सर्वे को गलत ठहराया। बताया कि सर्वे जमीनी स्तर पर नहीं हुआ है जबकि सर्वे करने वालों ने घर पर बैठकर स्वयं के आंकड़ों के अनुसार सर्वे किया है। जिसपर आयोग के अध्यक्ष द्वारा असंतुष्ट वार्डों के सर्वे के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
बता दें अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष बी एस वर्मा द्वारा नगर निगम सभागार में पिछड़ा वर्ग के सर्वे को लेकर बैठक ली गई। जिसमें शासन प्रशासन व जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। इस दौरान वार्ड नंबर 18 से राम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि सर्वे सही नहीं हुआ है। उनके वार्ड में कोई भी सर्वे करने नहीं आया। वार्ड में करीब 90 प्रतिशत आबादी अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों की है लेकिन सर्वे में आंकड़े गलत दिखाये गए हैं। वहीं सूचना के अधिकार में भी नगर निगम द्वारा स्वयं बताया गया है कि सर्वे नहीं हुआ है। वहीं भाजपा नेता व ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र चौधरी ने भी सर्वे को गलत ठहराया है। उन्होंने कहा कि सर्वे जमीनी स्तर पर न होकर कार्यालय में बैठकर हुआ है। अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को लाभ तभी मिल पायेगा जब आंकड़े सही प्रस्तुत होंगे। उन्होंने आयोग से पुनः सर्वे कराये जाने की मांग की। इसी प्रकार वार्ड नंबर 2 से मोनू निषाद, वार्ड नंबर 16 से पुष्पेन्द्र कुमार, वार्ड नंबर 21 से ललित राठौर, वार्ड नंबर 25 से विजय यादव, वार्ड नंबर 14 से जितेन्द्र यादव, वार्ड नंबर 40 से प्रदीप, वार्ड नंबर 32 से मोहन खेड़ा, वार्ड नंबर 18 से रोहित गुप्ता, वार्ड नंबर 25 से सुशील यादव ने सर्वे को गलत ठहराया। सभी ने एकमत होकर कहा कि उनके वार्ड में सर्वे करने के लिए कोई नहीं आया। कार्यालय में बैठकर सर्वे किया गया है, जिससे आंकड़ें गलत सामने आये हैं। सभी लोगों ने पुनः सर्वे की मांग की। पूरे प्रकरण में मेयर रामपाल ने कहा कि सर्वे की पूर्ण जिम्मेदारी डीपीआरओ उदय प्रताप सिंह की है। जिनके द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से सर्वे कराया गया है। आंकड़ेग गलत हैं तो उक्त अफसर की जिम्मेदारी बनती है। जिसपर आयोग के अध्यक्ष द्वारा कहा गया कि जो भी वार्डवासी सर्वे से संतुष्ट नहीं है वह शिकायत दर्ज कराये। जिसके बाद उनके वार्ड का पुनः सर्वे करा लिया जायेगा। आयोग के अध्यक्ष ने आदेशित किया कि मेयर व नगर निगम प्रशासन बैठक बुलाकर जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ता करें व शिकायत वाले वार्डों पर दोबारा सर्वे की कार्यवाही को अमल में लायें। साथ ही आयोग ने मेल आई lb.obc.dc@gmail.com व टोल फ्री नंबर 1800 4190 444 पर शिकायत दर्ज कराने की बात भी कही।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement