



दिनेशपुर। पंजाब में प्रधानमंत्री के काफिले को रोके जाने पर गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर पंजाब सरकार व कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया और वहां के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। भाजपा कार्यकर्ता गूलरभोज मार्ग पर गांधीनगर तिराहे पर एकत्र हुए। वहां से पंजाब के मुख्यमंत्री के पुतले के साथ जुलूस निकाला गया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सुभाष चौक पर पहुंचे। वक्ताओं ने कहा पंजाब में बुधवार को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत कांग्रेस और वहां की कांग्रेस समर्थित सरकार के द्वारा किसानों को आगे करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को रोका गया। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करके पंजाब सरकार ने लोकतंत्र के साथ नैतिक मर्यादाओं को तार-तार किया है। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मामले की उच्च स्तरीय जांच कर तत्काल पंजाब सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। इसके बाद नारेबाजी के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला फूंका गया। वहां वरिष्ठ भाजपा नेता हिमांशु सरकार, सुधीर राय, रोहित मंड़ल, सुकुमार सरकार, सुनीता मिस्त्री, प्रोजीत मंडल, भवेश हाल्दार, विश्वजीत मंडल, जीतू चंद आदि मौजूद थे।