



महापौर ने किया भजन संध्या में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आहवान
मुख्यमंत्री के आगमन से प्रभावित नहीं होगा चैती मेला
झूला व्यवस्थापक बोले-सभी झूले होंगे यथावत संचालित
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार शाम को चैती मेला आ रहे हैं। वे यहां पूजा-अर्चना कर मां बाल सुंदरी देवी के दर्शन करने के साथ ही मंदिर भवन के निकट आयोजित भजन संध्या में प्रतिभाग कर प्रख्यात भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा के भजनों का आनंद लेंगे। करीब एक-डेढ़ घंटे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहने के बाद मुख्यमंत्री गंतव्य को रवाना हो जाएंगे। इस संबंध में काशीपुर नगर निगम महापौर दीपक बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री धामी के चैती मेला आगमन से किसी भी तरह से मेला प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्रोणासागर मार्ग (जिस मार्ग से माता के गोले का आवागमन होता है) से मेले में पहुंचेंगे। इससे मेले के दोनों ओर के मुख्य मार्गों पर कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं होगा। महापौर ने मेले में आने वाले समस्त श्रृद्धालुओं एवं क्षेत्रीय जनमानस से भजन संध्या में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति दर्ज कराकर धर्मलाभ उठाने का आहवान किया है। उधर झूला व्यवस्थापक सोनू गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री आगमन के दौरान सभी झूले यथावत संचालित रहेंगे। किसी भी तरह से व्यवस्था प्रभावित न हो, इस हेतु प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। उन्होंने समस्त श्रृद्धालुओं से मेले में पहुंच कर मां भगवती को प्रसाद अर्पित करने, भजन संध्या में प्रतिभाग कर महामायी का गुणगान सुनने और झूले इत्यादि का लुत्फ उठाने का आग्रह किया है।

