



आदि कैलाश यात्रियों का त्रिशूल चौक पर भव्य स्वागत, रुद्रपुर को आध्यात्मिक नगरी बनाने की दिशा में बढ़ रहे कदम
रुद्रपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक सुशील सिंघला के नेतृत्व में आदि कैलाश यात्रा पर रवाना हो रहे तीर्थ यात्रियों का शुक्रवार को त्रिशूल चौक पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर यात्रियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया तथा सभी श्रद्धालुओं ने विशाल त्रिशूल के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए। यात्रियों ने त्रिशूल चौक के भव्य स्वरूप की सराहना करते हुए इसे शहर की आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुशील सिंघला ने कहा कि वर्ष 2006 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण शिविर के दौरान ही विकास शर्मा की नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली की झलक दिखाई देने लगी थी। संगठन ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और आज वह महापौर के रूप में रुद्रपुर के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्रिशूल चौक का विकास शहर को एक नई पहचान देने का कार्य कर रहा है और यह श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह दिन रुद्रपुर के लिए विशेष महत्व रखता है। एक ओर श्रद्धालुओं का दल आदि कैलाश यात्रा पर रवाना हो रहा है, वहीं दूसरी ओर पूर्व मेयर रामपाल सिंह राज्य मंत्री का दायित्व ग्रहण करने के लिए देहरादून रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रामपाल सिंह को राज्य मंत्री का दर्जा दिया जाना उनकी लंबे समय की जनसेवा और अनुभव का सम्मान है।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। त्रिशूल चौक के बाद डमरू चौक और शिव कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। साथ ही शहर में आकर्षक प्रवेश द्वार और तीर्थ यात्रियों के लिए अतिथि गृह विकसित करने की योजना भी तैयार की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रुद्रपुर पर्यटन और तीर्थाटन के क्षेत्र में विशेष पहचान स्थापित करेगा।
दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि त्रिशूल चौक का भव्य विकास महापौर की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। भगवान शिव के त्रिशूल की स्थापना शहर के लिए गौरव का विषय है और यह स्थल लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। आदि कैलाश यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं के लिए सभी ने मंगलमय और सफल यात्रा की कामना की।

