



फायरिंग से दहला ट्रांजिट कैम्प, 24 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन—3 शातिर गिरफ्तार, नाबालिग भी संरक्षण में
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो अवैध .315 बोर तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने बाइक पर सवार होकर शास्त्री नगर गड्ढा कॉलोनी स्थित पीड़ित के घर पर फायरिंग की और तोड़फोड़ की। जान बचाने के लिए पीड़ित घर के अंदर छिप गया। घटना के बाद मकान की दीवारों पर गोलियों के निशान भी मिले।
मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर सोनू राठौर उर्फ जूड़ी, यश सिंह और सोहेल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया।
तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी सोनू राठौर उर्फ जूड़ी से एक अवैध .315 बोर तमंचा और छह खोखा कारतूस, जबकि नाबालिग के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जीवित कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
अवैध हथियार बरामद होने पर मुख्य आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

