



विधायक शिव अरोरा ने स्वयं सहायता समूह की 2515 महिलाओं को दी बड़ी सौगात, आनंदखेड़ा में शाहकार क्लस्टर भवन का हुआ भूमि पूजन
खबर:
रुद्रपुर। ग्रामीण क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में विधायक शिव अरोरा ने बड़ी पहल की है। ग्राम आनंदखेड़ा में मनसादेवी मंदिर के निकट शाहकार क्लस्टर भवन (ग्रोथ सेंटर) निर्माण का भूमि पूजन विधायक शिव अरोरा ने विधि-विधान के साथ किया।
करीब 13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का निर्माण विधायक निधि से कराया जा रहा है। इस ग्रोथ सेंटर से क्षेत्र की 2515 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। भवन में समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने, सम्मेलन, प्रशिक्षण और कामकाजी बैठकों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं छोटे-छोटे लघु उद्योगों के माध्यम से अपनी आजीविका चला रही हैं। लंबे समय से उनके द्वारा एक ऐसे भवन की मांग की जा रही थी, जहां वे अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए गतिविधियां संचालित कर सकें। इसी उद्देश्य से शाहकार क्लस्टर भवन की नींव रखी गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना प्राथमिकता है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं में आत्मनिर्भर बनने की जो भावना दिखाई दे रही है, उसे आगे बढ़ाने में यह ग्रोथ सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक ने बताया कि भवन निर्माण के साथ ही समूह की महिलाओं की सुविधा को देखते हुए विधायक निधि से शौचालय निर्माण भी कराया जाएगा। दोनों कार्यों पर कुल 13 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, पूर्व मंडी चेयरमैन प्रीत ग्रोवर, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और स्वयं सहायता समूह की सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।
यह ग्रोथ सेंटर ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को नई पहचान देने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।

