



गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा की शानदार जीत

बीजेपी को बड़ा झटका
कड़े मुकाबले में दर्ज की जीत, समर्थकों में जश्न का माहौल
काशीपुर। नवगठित गढ़ीनेगी नगर पंचायत के पहले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने शानदार जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सचिन बाठला को करीब 94 वोटो से हराया है 9 जून को हुए मतदान में क्षेत्र के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था, जिसमें कुल 90.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
आज हुई मतगणना में अभिषेक सुखीजा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी प्रत्याशी सचिन को पीछे छोड़ते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और जीत का जश्न शुरू हो गया।
गढ़ीनेगी नगर पंचायत के गठन के बाद हुए इस पहले चुनाव को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह था। चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और विजयी प्रत्याशी का स्वागत किया।
अभिषेक सुखीजा ने अपनी जीत का श्रेय क्षेत्र की जनता के विश्वास और समर्थन को देते हुए कहा कि वे गढ़ीनेगी के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
नगर पंचायत के पहले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत ने क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। अब सभी की निगाहें नवनिर्वाचित अध्यक्ष की आगामी कार्ययोजना पर टिकी हैं।

