



नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान: बाजपुर के स्कूलों में लगी जागरूकता की पाठशाला, छात्रों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

**बाजपुर।** उत्तराखंड सरकार के **’नशा मुक्त उत्तराखंड’** अभियान को गति देने के लिए पुलिस के साथ-साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भी लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंहनगर की सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज **ममता पंत** के निर्देशन में जिले के स्कूलों और कॉलेजों में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में **अटल उत्कर्ष आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, गजरौला (बाजपुर)** में पीएलवी **शिवानी** ने नशा जागरूकता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। वहीं **राजकीय इंटर कॉलेज, गांव बाजपुर** में पीएलवी **गीता शर्मा** ने भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि **नशा एक धीमा जहर है**, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। विशेष रूप से युवाओं को तनाव, गलत संगत और दबाव के कारण नशे की लत लग जाती है, जो आगे चलकर गंभीर सामाजिक और आपराधिक समस्याओं का कारण बनती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य **अंकुर बिश्नोई** और विज्ञान प्रवक्ता **कुलविंद्र सिंह** ने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि नई समस्याओं की जड़ है। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों से घृणा नहीं, बल्कि उन्हें उपचार और परामर्श के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाने का प्रयास करना चाहिए। सरकार द्वारा संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को **नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रखने की शपथ** दिलाई गई। साथ ही स्वस्थ समाज और नशा मुक्त उत्तराखंड बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
इस अवसर पर **रमेश चंद्र, रेखा नेगी, ओमप्रकाश सेठ, कमलजीत कौर, उपकार, भूपेंद्र शर्मा** सहित विद्यालय के शिक्षक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

