-->

वेंकटेश की ‘आदर्श कुटुंबम’ का टीजर रिलीज, 2 अक्टूबर को अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ से होगा बॉक्स ऑफिस मुकाबला

खबरे शेयर करे -

वेंकटेश की ‘आदर्श कुटुंबम’ का टीजर रिलीज, 2 अक्टूबर को अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ से होगा बॉक्स ऑफिस मुकाबला

नई दिल्ली: साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दग्गुबाती वेंकटेश एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘आदर्श कुटुंबम- हाउस नंबर 47’ का पहला टीजर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी, जिस दिन अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

‘आदर्श कुटुंबम’ का निर्देशन त्रिविक्रम श्रीनिवास ने किया है। फिल्म में वेंकटेश के साथ ‘केजीएफ’ फेम अभिनेत्री श्रीनिधि शेट्टी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। जारी किए गए टीजर में परिवार, कॉमेडी और इमोशन का मिश्रण देखने को मिला है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह एक फैमिली एंटरटेनर होगी।

दग्गुबाती वेंकटेश ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर फिल्म का फर्स्ट लुक और टीजर साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

फिल्म की रिलीज डेट ने बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबले की स्थिति बना दी है। 2 अक्टूबर 2026 को ‘आदर्श कुटुंबम’ का सामना अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ से होगा। दोनों फिल्मों के एक ही दिन रिलीज होने से दर्शकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि फैमिली कॉमेडी-ड्रामा ‘आदर्श कुटुंबम’ और सस्पेंस-थ्रिलर ‘दृश्यम 3’ में से बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म दर्शकों की पहली पसंद बनती है।


खबरे शेयर करे -