संत गुरु रविदास जी का समरसता का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : रामपाल सिंह

रुद्रपुर। संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष अभियान के अंतर्गत जगतपुरा स्थित संत रविदास मंदिर में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, उत्तराखंड सरकार के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) रामपाल सिंह ने प्रतिभाग कर संत गुरु रविदास जी के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए और दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर रामपाल सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन के माध्यम से समाज को समता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें जाति, वर्ग तथा भेदभाव से ऊपर उठकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार संतों एवं महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी से संत गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समरस, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने संत गुरु रविदास जी के अमर वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में दीपोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विपिन चौहान, योगेश वर्मा, अंकित हिड़ाले, विपिन कोली, नरेश सागर, ब्रजपाल, विजय तोमर, नीलकंठ राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement