उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश; कई जिलों में आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू होने से ठंड एक बार फिर लौट आई है। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम सहित तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। इसके मद्देनजर इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी यात्रियों को सतर्क रहने और मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement