तमिलनाडु: श्रीलंकाई नौसेना ने सात भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, 13 नवंबर तक जेल भेजा
रामेश्वरम। तमिलनाडु के रामेश्वरम से मछली पकड़ने समुद्र में गए सात भारतीय मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पार कर श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने का आरोप है। नौसेना ने उनकी मैकेनाइज्ड नाव भी जब्त कर ली है। रविवार को श्रीलंकाई अदालत में पेशी के बाद सभी मछुआरों को 13 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को रामेश्वरम फिशिंग हार्बर से करीब 2500 मछुआरे लगभग 400 मैकेनाइज्ड नावों में सवार होकर समुद्र में मछली पकड़ने निकले थे। इसी दौरान पाक खाड़ी में तलाईमन्नार के पास श्रीलंकाई नौसेना ने जॉन मर्विन की नाव को रोक लिया। नाव पर सवार सात मछुआरों को हिरासत में लेकर मन्नार नौसैनिक कैंप ले जाया गया।
गिरफ्तार मछुआरों की पहचान प्लासियस, अलगु पांडी, एंटनी पिचाई, राबिन, नेल्सन, अरुलनंदा जेवियर और सगया आनंद के रूप में हुई है। बाद में उन्हें श्रीलंकाई मत्स्य पालन अधिकारियों को सौंप दिया गया। अदालत में पेशी के बाद सभी को वावुनिया जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद मछुआरों के परिवारों में चिंता का माहौल है।




