CCTV बंद, फोन का डेटा डिलीट… पिता की हत्या का राज खुलने के डर से 4 साल के बेटे की भी हत्या

खबरे शेयर करे -

CCTV बंद, फोन का डेटा डिलीट… पिता की हत्या का राज खुलने के डर से 4 साल के बेटे की भी हत्या

 

वसुंधरा दीप न्यूज डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के चिक्काबनावरा इलाके में पति और चार साल के बेटे की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय हारिनी ने अपने प्रेमी विनय के साथ मिलकर पति अभिनंदन (35) की हत्या की और वारदात का गवाह बने चार साल के बेटे यदुवीर की भी कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद हारिनी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पति और बेटे के बिस्तर पर मृत पड़े होने की सूचना दी। उसके बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें कथित तौर पर उसने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने हारिनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विनय की तलाश जारी है।

 

जांच में सामने आया कि रविवार रात करीब 11 बजे हारिनी ने विनय को घर बुलाया था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अभिनंदन की हत्या की। इसी दौरान चार साल के यदुवीर की नींद खुल गई और उसने कथित तौर पर वारदात देख ली। पुलिस के अनुसार राज खुलने के डर से बच्चे की भी हत्या कर दी गई। वारदात को अलग रूप देने के लिए आरोपियों ने पिता के शव को बच्चे के ऊपर रख दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले रात करीब 10 बजे घर के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे। हत्या के बाद खून से सने कपड़े धोकर सुखाने के लिए डाल दिए गए और मोबाइल से कॉल हिस्ट्री, मैसेज व फोटो डिलीट किए गए। हालांकि, घटनास्थल से मिले खून के धब्बों और फॉरेंसिक साक्ष्यों से पुलिस को अहम सुराग मिले।

 

पुलिस के मुताबिक हारिनी और विनय के बीच संबंध थे और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अभिनंदन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार के पास तीन मंजिला इमारत समेत करोड़ों की संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि संपत्ति और संबंधों से जुड़े विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार आरोपी विनय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हैं। मामले में हत्या की पूरी वजह और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


खबरे शेयर करे -