ईरान: फिल्मकार जफर पनाही को 5 साल की जेल, केक में छिपाकर कान तक पहुंचाई थी फिल्म
ईरान की एक अदालत ने मशहूर फिल्मकार जफर पनाही को उनकी गैरमौजूदगी में पांच साल की जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उनकी संपत्ति जब्त करने का आदेश भी दिया गया है। बताया गया है कि पनाही को अदालत की सुनवाई की पहले से कोई सूचना नहीं मिली थी। उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी तब हुई, जब उनके बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए। इससे पहले भी उन्हें सरकार विरोधी गतिविधियों के आरोप में एक साल की सजा सुनाई जा चुकी है।
जफर पनाही की फिल्म ‘इट वॉज जस्ट एन एक्सीडेंट’ ने वर्ष 2025 में कान फिल्म फेस्टिवल का सर्वोच्च पुरस्कार जीता था और इसे ऑस्कर के लिए भी नामित किया गया था। पनाही का ईरानी शासन के साथ टकराव पुराना है। वर्ष 2011 में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर फिल्म बनाने के दौरान उन पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद उन्होंने घर में ही ‘दिस इज नॉट अ फिल्म’ तैयार की थी।
इस फिल्म को कान फिल्म फेस्टिवल तक पहुंचाने की कहानी भी बेहद दिलचस्प है। पनाही ने फिल्म को पेन ड्राइव में सेव किया और उसे केक के अंदर छिपाकर फेस्टिवल तक पहुंचाया था। उनकी फिल्मों में सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों को प्रमुखता से दिखाया जाता रहा है। अदालत के ताजा फैसले के बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में उनकी चर्चा तेज हो गई है।




