15 साल बीते, सड़क-नाली नहीं बनी; दुर्गा एनक्लेव के लोगों का फूटा गुस्सा

खबरे शेयर करे -

15 साल बीते, सड़क-नाली नहीं बनी; दुर्गा एनक्लेव के लोगों का फूटा गुस्सा

 

ग्राम प्रधान को ज्ञापन सौंपकर जताया आक्रोश, जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

 

दिनेशपुर। आनंदखेड़ा स्थित दुर्गा एनक्लेव कॉलोनी में 15 वर्ष बाद भी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को कॉलोनीवासियों ने आमसभा कर समस्याओं पर चर्चा की और ग्राम प्रधान को ज्ञापन सौंपकर सड़क, नाली, साफ-सफाई समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि करीब 15 वर्ष पूर्व कॉलोनी काटते समय कॉलोनाइजर की ओर से सड़क, नाली और बिजली सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक वादे पूरे नहीं हुए। वर्तमान में सड़क की हालत बेहद खराब है। बारिश के दौरान कच्ची सड़क पर कीचड़ और जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी जगह-जगह जमा हो जाता है। वहीं साफ-सफाई के अभाव में कॉलोनी का काफी हिस्सा झाड़ियों और घास से घिर गया है। इससे सांप-बिच्छू समेत जहरीले जीवों का खतरा बना हुआ है। कॉलोनीवासियों ने कहा कि लंबे समय से आश्वासन के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। यदि जल्द सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो कॉलोनाइजर के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। आमसभा में सत्येंद्र कुमार, प्रेम सिंह, हेमंत सिंह, कमल कुमार विश्वास, श्यामसुंदर, रत्नाकर दूबे, प्रकाश मंडल, विपुल दास, सुरजीत सिंह, निताई विश्वास, निखिल विश्वास, सुधीर पाल, अजीत सजल, कलिका प्रसाद, अभिजीत विश्वास, अरविंद प्रजापति, योगेश यादव, गोमद सिंह, धीरज कुमार, भीम सिंह, सुरेश प्रसाद, सुभानकर समेत दर्जनों कॉलोनीवासी मौजूद रहे।


खबरे शेयर करे -